Chamba Pangi News: करेल मोड़ के पास अचेत मिले पीडीएस सेल्समैन की मौत

58 वर्षीय प्रकाश चंद को अस्पताल पहुंचाया, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत शुरू की कार्रवाई
Chamba Pangi News
Chamba Pangi News
विज्ञापन
पत्रिका न्यूज सर्विस
पांगी। पांगी घाटी के किलाड़ में करल मोड़ के समीप ग्रेफ कैंप के पास वीरवार सुबह सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में सहायक सेल्समैन के पद पर कार्यरत 58 वर्षीय प्रकाश चंद अचेत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रकाश चंद पुत्र डोली राम निवासी गांव एवं डाकघर पुंटो, तहसील पांगी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रकाश चंद वीरवार सुबह करल मोड़ के समीप मौजूद थे। इसी दौरान वह अचानक अचेत होकर गिर पड़े।

आसपास के लोगों ने उन्हें देखा तो तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि चक्कर आने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और हृदय गति रुकने से उनकी मौत हुई। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने सिविल अस्पताल किलाड़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने मामले में किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है। पुलिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पांगी में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।