Chamba Pangi News: मिंधल पुल के पास बोलेरो हादसे का शिकार, दो लोग गंभीर घायल

मिंधल पुल के पास बोलेरो हादसे का शिकार, दो लोग गंभीर घायल सड़क से करीब 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी बोलेरो
Bolero Meets With Accident Near Mindhal Bridge Two People Critically Injured
Bolero Meets With Accident Near Mindhal Bridge Two People Critically Injured
विज्ञापन

Chamba Pangi News:  पांगी।  संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी बीआरओ सड़क पर पांगी के मिंधल पुल के समीप बुधवार रात करीब 11 बजे बोलेरो वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वाहन सड़क से करीब 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय युवाओं ने दोनों घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को कुल्लू रेफर कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वाहन संख्या एचपी 34डी-6063 पुर्थी से किलाड़ की ओर जा रहा था। 

मिंधल पुल के समीप पहुंचने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी पुर्थी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घायलों के बयान फिलहाल दर्ज नहीं हो पाए हैं। घायलों की पहचान चालक संजय कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी चसग डाकघर सेचू पांगी और राम सिंह पुत्र गुलाब चंद निवासी खज्जियार रेई पांगी के रूप में हुई है। पुलिस थाना प्रभारी पांगी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।