Chamba Pangi News: पांगी में 100 मीटर नीचे जा गिरी टैक्सी, चालक की मौत

Chamba Pangi News 100
Chamba Pangi News 100
विज्ञापन
पांगी । जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत करयास में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। करयास के गोसती के समीप टैक्सी सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे में चालक की मौत हो गई। हादसे के समय गाड़ी में चालक अकेला था।

जानकारी के अनुसार टैक्सी नंबर एचपी 01सी-4007 का चालक मंगलवार शाम चंबा से सवारियां लेकर किलाड़ पहुंचा था। इसके बाद वह झलवास में सवारियों को छोड़कर अपने घर लौट रहा था। गोसती के पास गाड़ी को मोड़ते समय चालक बैक कर रहा था। इसी दौरान वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया। यहां तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 47 वर्षीय राजेंद्र कुमार पुत्र सुन्नी राम निवासी गोसती, डाकघर करियास, तहसील पांगी, जिला चंबा के रूप में हुई है।

पुलिस को हादसे की सूचना मिलने के बाद टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।