Himachal Mandi News: हिमाचल के मंडी में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी हरियाणा के पर्यटकों की कार, पांच युवक थे सवार
Himachal Mandi News: मंडी: देवभूमि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कटौला क्षेत्र में सुबह हरियाणा के पर्यटकों की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी घायल हरियाणा के एक निजी कॉलेज के छात्र हैं और वे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ऋषि पराशर की यात्रा पर निकले थे। सुबह के समय हुए इस हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने स्थानीये लोगों के साथ मिलकर घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया हुआ है जहां पर उन्हें उपचार दिया जा रहा है।
यह हादसा उस समय हुआ जब छात्रों का समूह सुबह करीब 5:30 बजे अपनी यूपी नंबर की गाड़ी (UP 19 W 4908) में सवार होकर पराशर झील की ओर जा रहा था। कटौला पहुंचने के बाद वे मुख्य मार्ग से भटक गए और बथेरी-गलू मार्ग की ओर निकल गए। रास्ता अनजान होने और सुबह की धुंध या मोड़ का सही अंदाजा न होने के कारण चालक प्रियांश ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। स्थानीय निवासियों ने शोर सुनकर मौके पर दौड़ लगाई और पुलिस को सूचित किया।
हादसे में घायलों की पहचान 22 वर्षीय विशाल पुत्र सुनील कुमार निवासी सुलचानी हाउस नंबर 69 हनुमान मंदिर नरलूंद जिला हिसार हरियाणा, 22 वर्षीय प्रतीक पुत्र जगमेंद्र सिंह कोहड निवासी 550 उड़ा सेक्टर-6 पार्ट दो जिला हांसी हरियाणा, 21 वर्षीय सूरज पुत्र धर्म सिंह निवासी सुराहड तहसील व जिला झज्जर, 22 वर्षीय आर्यन पुत्र किशन कुमार निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी हुड्डा सेक्टर तहसील एवं जिला हांसी और 21 वर्षीय प्रियांस निवासी खेड़ी तहसील महम जिला रोहतक हरियाणा के रूप में हुई है।
पर्यटकों के लिए चेतावनी और सुरक्षा निर्देश
हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में अक्सर बाहरी राज्यों के पर्यटक रास्ता भटकने के कारण हादसों का शिकार हो जाते हैं। विशेष रूप से पराशर, स्पीति और कुल्लू की ओर जाने वाली लिंक सड़कों पर मोड़ बेहद तीखे हैं। न्यूज़ रूम की ओर से पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वे अनजान रास्तों पर जीपीएस (GPS) के भरोसे रहने के बजाय स्थानीय लोगों से रास्ता पूछें और अंधेरे या सुबह की धुंध में ड्राइविंग से बचें। फिलहाल, प्रशासन ने इस हादसे के बाद बथेरी-गलू मार्ग पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।