सुपर स्टोरी

Viral Boy Arun Kumar: 15 सेकंड की हंसी ने कैसे बदली 18 साल के अरुण की जिंदगी? ‘लाफिंग बॉय’ मीम के पीछे का संघर्ष और सफलता

Viral Boy Arun Kumar: सोशल मीडिया की चकाचौंध दुनिया में आपने उस लड़के को जरूर देखा होगा, जिसकी खिलखिलाती हंसी किसी भी गमगीन इंसान के चेहरे पर मुस्कान ला दे। लेकिन, दुनिया जिसे अपना पसंदीदा 'मीम' मानकर प्यार लुटा रही थी, उस 18 साल के वायरल बॉय अरुण कुमार की असल जिंदगी में अंधेरा पसरा था। महज 10 साल की कच्ची उम्र…
Viral Boy Arun Kumar
Viral Boy Arun Kumar
HIGHLIGHTS
  • Viral Boy Arun Kumar:  एक कप चाय और वायरल वीडियो का सच
  • Viral Boy Arun Kumar:  जब ट्रक का केबिन बन गया क्लासरूम
  • Viral Boy Arun Kumar:  2026 का रिजल्ट और आलोचकों को जवाब

Viral Boy Arun Kumar: सोशल मीडिया की चकाचौंध दुनिया में आपने उस लड़के को जरूर देखा होगा, जिसकी खिलखिलाती हंसी किसी भी गमगीन इंसान के चेहरे पर मुस्कान ला दे। लेकिन, दुनिया जिसे अपना पसंदीदा ‘मीम’ मानकर प्यार लुटा रही थी, उस 18 साल के वायरल बॉय अरुण कुमार की असल जिंदगी में अंधेरा पसरा था। महज 10 साल की कच्ची उम्र में, जब बच्चों के कंधों पर स्कूल बैग होता है, अरुण के हाथों में ट्रक साफ करने वाला कपड़ा थमा दिया गया था। घर की माली हालत ने उसे चौथी क्लास में ही स्कूल से दूर कर दिया। दो वक्त की रोटी की तलाश में वह भटक रहा था, तभी उसकी मुलाकात एक लोकल ट्रक ड्राइवर ‘नेहरू’ से हुई, जिन्होंने उसे अपने साथ बतौर क्लीनर रख लिया। यही वो मोड़ था, जहां से उसकी कहानी बदलने वाली थी।

Viral Boy Arun Kumar:  एक कप चाय और वायरल वीडियो का सच

किस्मत का खेल देखिए, एक दोपहर उस्ताद और चेले चाय की चुस्कियां ले रहे थे। किसी बात पर अरुण अपनी उसी ठेठ और बेबाक हंसी के साथ हंस पड़ा, जिसने बाद में करोड़ों दिल जीते। बॉस नेहरू ने मोबाइल निकाला और वो कुदरती पल कैमरे में कैद कर इंटरनेट पर डाल दिया। अगली सुबह तक वायरल बॉय अरुण कुमार एक इंटरनेट सेंसेशन बन चुका था। लेकिन इस शोहरत के साथ एक टीस भी थी। दुनिया भर के लोग कमेंट्स में उसकी तारीफों के पुल बांध रहे थे, पर विडंबना देखिए कि जिस लड़के के नाम के कसीदे पढ़े जा रहे थे, वह अनपढ़ होने की वजह से उन्हें पढ़ तक नहीं सकता था। यह बात अरुण को अंदर ही अंदर कचोटती थी।

Viral Boy Arun Kumar:  जब ट्रक का केबिन बन गया क्लासरूम

जहां पूरी दुनिया अरुण को सिर्फ एक ‘मनोरंजन’ की तरह देख रही थी, वहीं नेहरू को उस हंसी के पीछे अपना बीता हुआ कल नजर आया। सालों पहले नेहरू को भी मजबूरियों के चलते कॉलेज छोड़ना पड़ा था। उन्होंने ठान लिया कि जो उनके साथ हुआ, वो इस लड़के के साथ नहीं होने देंगे। नेहरू अब सिर्फ बॉस नहीं, बल्कि वायरल बॉय अरुण कुमार के असली ‘गुरु’ बन गए। उन्होंने अपनी जेब से अरुण की किताबें खरीदीं, एग्जाम फीस भरी और 10वीं के प्राइवेट फॉर्म का सारा झमेला खुद निपटाया। लंबे सफर पर जब ट्रक हाइवे पर दौड़ता, तो उसका केबिन क्लासरूम में तब्दील हो जाता। स्टेरिंग संभालते हुए नेहरू ने अरुण को एबीसीडी से लेकर गणित के बेसिक्स तक का पाठ पढ़ाया।

Viral Boy Arun Kumar:  2026 का रिजल्ट और आलोचकों को जवाब

दुनिया शायद यही चाहती थी कि अरुण बस 15 सेकंड की रील्स में उनका मनोरंजन करता रहे, लेकिन अरुण ने अब अपनी पहचान बदलने की ठान ली थी। उस्ताद और चेले की यह जी-तोड़ मेहनत आखिरकार रंग लाई। साल 2026 में जब रिजल्ट आया, तो वायरल बॉय अरुण कुमार के नाम के आगे बड़े अक्षरों में लिखा था- ‘पास’। तेलंगाना के रहने वाले अरुण ने साबित कर दिया कि किस्मत भले ही आपको रातों-रात वायरल कर दे, लेकिन इज्जत की जिंदगी जीने के लिए पसीना बहाना ही पड़ता है। आज वह इंस्टाग्राम (@mr_laddu_0009) और यूट्यूब पर लाखों लोगों के चहेते हैं, लेकिन उनकी असली कमाई वो मार्कशीट है, जिसने उन्हें अनपढ़ होने के कलंक से आजाद कर दिया।

विज्ञापन
Web Title: Viral boy arun kumar
End of Article