Chamba Pangi News || पांगी में HRTC के पहिए थमते ही निजी चालकों की मनमानी, बोलेरो कैंपर में ढोई जा रही सवारियां

Chamba Pangi News || पांगी: जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी (Pangi tribal area) में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने सुरक्षा की दृष्टि से लंबे रूटों पर अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। लेकिन सरकारी बसें बंद होते ही निजी वाहन चालकों ने यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाना शुरू कर दी है। पांगी से कुल्लू जाने वाले रूट पर निजी वाहन चालक न सिर्फ मनमानी कर रहे हैं, बल्कि नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मालवाहक गाड़ियों में भी सवारियां ढो रहे हैं।
पांगी-कुल्लू रूट पर निजी वाहनों और बोलेरो कैंपर की मनमानी शुरू।
हैरानी की बात यह है कि पांगी की सड़कों पर दौड़ने वाली बोलेरो कैंपर (Bolero Camper) जो मुख्य रूप से सामान ढोने के लिए होती हैं, अब सवारियां ढोने के काम में लगा दी गई हैं। इन गाड़ियों में हर दिन पांगी से कुल्लू के लिए लोगों को ले जाया जा रहा है। यह सिलसिला पिछले काफी समय से चल रहा है, लेकिन प्रशासन की नाक के नीचे हो रहे इस अवैध कारोबार पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। यह न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है बल्कि पांगी की लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
परमिट और टैक्स भरने वाले टैक्सी चालकों के रोजगार पर पड़ी मार।
इस अवैध धंधे से इसका असर पांगी के टैक्सी चालकों पर पड़ रहा है जो हर साल सरकार को हजारों रुपये का ऑल इंडिया परमिट और साथ में सरकार को टैक्स चुकाते हैं। टैक्सी चालकों का कहना है कि वे नियम कायदों के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन निजी नंबर और मालवाहक गाड़ियां अवैध रूप से सवारियां उठाकर उनके पेट पर लात मार रही हैं। प्रशासन की अनदेखी के चलते टैक्स भरने वाले चालक को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में जब एसएचओ पांगी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब सतर्क हो गई है और सुबह-शाम गश्त बढ़ाई जा रही है। एसएचओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी निजी वाहन या बोलेरो कैंपर अवैध रूप से सवारियां ढोता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
