EPFO New Rules: अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर अब पीएफ से पैसा निकालना हुआ आसान, जानें ईपीएफओ के नए नियम
EPFO New Rules: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ निकासी के नियमों को काफी सरल बना दिया है। पहले की 13 श्रेणियों को घटाकर अब सिर्फ तीन मुख्य श्रेणियों में समेट दिया गया है। बेरोजगारी की स्थिति में अब कर्मचारी अपने पीएफ बैलेंस का 75% हिस्सा तुरंत निकाल सकते हैं। जानें 100% निकासी की शर्तें और ऑनलाइन क्लेम करने का पूरा स्टेप-बाय-स्टेप तरीका।
EPFO New Rules: क्या अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए तो आपका पीएफ काम आ सकता है? क्या आप अपनी पूरी जमा राशि कभी भी निकाल सकते हैं या इसके लिए कुछ खास नियम हैं? और सबसे बड़ा सवाल, क्या नया सिस्टम अब वाकई आसान हो गया है? अगर आप सैलरी कर्मचारी हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है क्योंकि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी कि ईपीएफओ ने पीएफ निकासी के नियमों को काफी हद तक आसान बना दिया है। पहले जहां छोटी सी गलती से क्लेम अटक जाता था, वहीं अब प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने की कोशिश की गई है। पीएफ अकाउंट को आमतौर पर रिटायरमेंट के लिए सुरक्षित बचत माना जाता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर इसमें से पैसा निकाला भी जा सकता है।
श्रेणियों में बड़ा बदलाव और 75% निकासी के नियम
ईपीएफओ ने नियमों में बदलाव करते हुए निकासी की पूरी प्रक्रिया को ज्यादा स्पष्ट और व्यवस्थित बनाया है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि पहले जहां पीएफ निकासी के लिए करीब 13 अलग-अलग श्रेणियां थीं, अब उन्हें घटाकर सिर्फ तीन मुख्य कैटेगरी में समेट दिया है। इनमें पहली है जरूरी जरूरतें, दूसरी है आवास से जुड़ी जरूरतें और तीसरी है विशेष परिस्थितियां। नए नियमों के तहत अगर कोई व्यक्ति बेरोजगार हो जाता है तो वह तुरंत अपने पीएफ बैलेंस का 75% हिस्सा निकाल सकता है। इसमें सिर्फ कर्मचारी का योगदान ही नहीं, बल्कि कंपनी का योगदान और उस पर मिलने वाला ब्याज भी शामिल होता है।
100% पीएफ निकासी की खास परिस्थितियां
ईपीएफओ ने पूरा पैसा एक साथ निकालने की अनुमति तुरंत नहीं दी है क्योंकि संगठन चाहता है कि खाते में कम से कम 25% राशि बची रहे ताकि उस पर ब्याज मिलता रहे। हालांकि, अगर कोई व्यक्ति करीब एक साल तक बेरोजगार रहता है, तो वह बचा हुआ 25% हिस्सा भी निकाल सकता है। वहीं, कुछ खास परिस्थितियों में आप सीधे 100% पीएफ निकाल सकते हैं। ईपीएफओ के नियमों के मुताबिक, अगर आपकी उम्र 55 साल से ज्यादा हो चुकी है और आप रिटायरमेंट के करीब हैं, तो आप पूरा पीएफ निकाल सकते हैं। इसके अलावा स्थाई रूप से काम करने में असमर्थ होने, गंभीर विकलांगता, वीआरएस (VRS) लेने या हमेशा के लिए विदेश में बसने पर भी पूरी राशि निकाली जा सकती है।
ऑनलाइन क्लेम डालने का पूरा तरीका
ईपीएफओ ने डिजिटल सेवाओं को मजबूत किया है जिससे क्लेम प्रोसेस अब तेज हो गया है। क्लेम डालने के लिए सबसे पहले ईपीएफओ की वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद यूएएन (UAN) नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करना होगा। अब ऑनलाइन सर्विस में जाकर क्लेम का ऑप्शन सेलेक्ट करना होगा। इसके बाद बैंक अकाउंट नंबर के लास्ट के चार डिजिट डालकर और सर्टिफिकेट साइन करके 'प्रोसीड टू ऑनलाइन क्लेम' पर क्लिक करना होगा। अब आपको जितना पैसा निकालना है वो वहां पर दर्ज कर दें। एड्रेस वेरिफिकेशन और ओटीपी डालने के बाद क्लेम सबमिट करना होगा। क्लेम सबमिट होने के बाद जल्द ही आपके खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।
Web Title: epfo new rules 1775885178
Published On:
11/04/2026
|
5:26 am
End of Article