Chamba Hindi News: चंबा में महिला डॉक्टर से धक्का-मुक्की और स्टाफ से मारपीट, आउटसोर्स कर्मियों ने किया चक्का जाम

Chamba Hindi News: चंबा मेडिकल कॉलेज में बुधवार रात एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। नशे में धुत तीमारदारों ने महिला डॉक्टर और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की, जिसके विरोध में वीरवार सुबह से आउटसोर्स कर्मचारियों ने चक्का जाम कर दिया है।
Female doctor manhandled and staff assaulted in Chamba; outsourced workers stage road blockade
Female doctor manhandled and staff assaulted in Chamba; outsourced workers stage road blockade
विज्ञापन

Chamba Hindi News: चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला मुख्यालय स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार की रात को कैजुअल्टी वार्ड में एक मरीज की मौत होने के बाद तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया। रात के समय ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर व अन्य स्टाफ के साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद वीरवार सुबह चंबा मेडिकल कॉलेज के परिसर विरोध शुरू हो गया। अस्पताल के तमाम आउटसोर्स कर्मचारियों, जिनमें नर्सेज, फार्मासिस्ट और सिक्योरिटी गार्ड ने सुबह 9 बजे से ही मुख्य गेट के बाहर चक्का जाम कर दिया। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किया जाता है तब तक वह विरोध करते रहेगें। करीब तीन से चार घंटे तक चले इस विरोध के बाद एसडीएम चंबा ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को इस बात का अश्वासन दिया कि आरोपियों को शाम पांच बजे तक गिफ्तार किया जाएगा। वहीं मेडिकल कॉलेज में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित करवाने का भी अश्वासन दिया हुआ है। 

नशे में धुत लोगों ने महिला डॉक्टर से की धक्का-मुक्की

मिली जानकारी के अनुसार महिला डॉक्टर कृतिका गर्ग ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह बुधवार रात कैजुअल्टी वार्ड में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान माई का बाग निवासी रोहित गोस्वामी और उसके साथ आए कुछ लोग एक मरीज पवन कुमार को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। मरीज की मृत्यु हो जाने के बाद, आरोपी और उनके साथी अपना आपा खो बैठे। और इसी दौरान उन्होंने डॉक्टर के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। जब सुरक्षाकर्मियों और अन्य स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

स्वास्थ्य सेवाएं ठप, उपचार के लिए दर-दर भटके मरीज

आउटसोर्स स्टाफ के चक्का जाम करने की वजह से ओपीडी से लेकर इमरजेंसी सेवाओं तक में असर देखने को मिला है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए मरीज और उनके तीमारदार बिना इलाज के भटकने को मजबूर हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारी अस्पताल गेट पर डटे हुए हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण आए दिन स्टाफ को तीमारदारों के गुस्से और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा

इस मामले पर जिला पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि डॉक्टर कृतिका की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।