Himachal News: हिमाचल के रामपुर में फटा बादल, तकलेच बाजार में मची अफरातफरी


शिमला/मंडी। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश और भूस्खलन का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ताजा घटना शिमला जिले की है, जहां रामपुर उपमंडल के दरशाल इलाके में देर रात बादल फटने से 'जल प्रलय' जैसे हालात बन गए। जानकारी के अनुसार, देर रात जब लोग गहरी नींद में सोए हुए थे, तभी दरशाल इलाके में बादल फट गया। इसके चलते तकलेच नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया और उसने रौद्र रूप धारण कर लिया। नाले में आई भीषण बाढ़ का पानी और मलबा पास के तकलेच बाजार में घुस गया, जिससे वहां रातभर अफरातफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और लोगों को रात में ही सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया। गनीमत यह रही कि इस आपदा में किसी भी तरह के जानी नुकसान की खबर नहीं है।
36 घंटे से बंद पड़ा चंडीगढ़-मनाली फोरलेन
वहीं, प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी बारिश और भूस्खलन का कहर जारी है। सबसे ज्यादा असर यात्रा पर पड़ा है। सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण चंडीगढ़-मनाली फोरलेन लगभग 36 घंटों से यातायात के लिए बंद पड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, दवाड़ा के पास भूस्खलन का मलबा हटाने का काम चल ही रहा था कि बीती रात झलोगी के पास फिर से भारी लैंडस्लाइड हो गया। इस वजह से यह हाईवे दवाड़ा और झलोगी, दोनों जगहों पर बंद हो गया है। दवाड़ा में तो स्थिति और भी गंभीर है, जहां पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने से फोरलेन पर बने फ्लाईओवर ब्रिज को भी नुकसान पहुंचा है। इस मार्ग के बंद होने से हजारों वाहन और पर्यटक दोनों तरफ फंसे हुए हैं।
कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
इस बीच मौसम विभाग ने कुछ राहत की खबर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून आज से थोड़ा कमजोर पड़ेगा, लेकिन बारिश का दौर अभी थमेगा नहीं। अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।
उमेश भारद्वाज
रामपुर के तहत दरशाल इलाके में देर रात को बादल फट गया। जिस वजह से तकलेच नाला में बाढ़ आ गई। बाढ़ आने के बाद तकलेच बाजार में रातभर अफरातफरी मची रही.. #Cloudburst #darshal #taklech #heavyflow #Himachal #shimla pic.twitter.com/6V5B5ufjfV
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) August 7, 2025