8th Pay Commission || नए साल में केंद्रीय कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! DA में हो सकती है इतनी बढ़ोतरी, सामने आए नए आंकड़े

8th Pay Commission || नए साल की शुरुआत के साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर की आहट सुनाई देने लगी है। सरकार ने महंगाई भत्ते का गणित लगाना शुरू कर दिया है। हाल ही में श्रम मंत्रालय ने नवंबर 2025 के लिए महंगाई भत्ता (Dearness Allowance) तय करने वाले आंकड़े जारी कर दिए हैं। ये आंकड़े अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) पर आधारित हैं, जो 148.2 पर पहुंच गया है। इसका सीधा मतलब है कि बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए कर्मचारियों की जेब में अब ज्यादा पैसे आने वाले हैं। इसी आंकड़े के आधार पर अब आने वाली सैलरी का हिसाब-किताब लगाया जा रहा है।
अब सवाल यह है कि आखिर सैलरी कितनी बढ़ेगी? कर्मचारी संगठनों का मानना है कि जनवरी 2026 में 3 से 5 फीसदी तक का इजाफा हो सकता है। केंद्रीय कर्मचारी (Central Government Employees) इस बात को लेकर काफी उत्साहित हैं। जानकारों की मानें तो अगर दिसंबर का आंकड़ा नवंबर के स्तर यानी 148.2 के आसपास भी रहता है, तो DA में 5 फीसदी तक की बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है। बता दें कि जुलाई 2025 में सरकार ने इसे बढ़ाकर 58% किया था। अगर अनुमान सही निकले तो यह आंकड़ा 63% तक पहुँच सकता है।
खत्म हुआ सातवें वेतन आयोग का दौर
एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि सातवें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है। अब सबकी निगाहें 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) पर टिकी हैं। यह आयोग अगले 18 महीनों में अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपेगा। यह पहली बार होगा जब नए आयोग के गठन के बाद महंगाई भत्ते पर फैसला लिया जाएगा। यानी आने वाला समय सरकारी कर्मचारियों के लिए काफी हलचल भरा रहने वाला है और वेतन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
नए वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर सबसे अहम मुद्दा रहने वाला है। जब यह लागू होगा, तो मौजूदा DA को मूल वेतन (Basic Salary) में जोड़कर शून्य किया जा सकता है। हालांकि, कर्मचारी संगठन चाहते हैं कि महंगाई को देखते हुए DA को पूरी तरह जीरो करने के बजाय कोई और तरीका अपनाया जाए। उनका कहना है कि ऊंची महंगाई के इस दौर में कर्मचारियों की ‘पावर ऑफ परचेजिंग’ यानी क्रय शक्ति सुरक्षित रहनी चाहिए। फिलहाल, सबको दिसंबर के फाइनल आंकड़ों का इंतजार है।
