Himachal Bus Accident || हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी सवारियों से भरी बस; अभी तक 7 लोगों की मौत, मची चीख-पुकार

Himachal Bus Accident || सिरमौर : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर (Sirmaur District) से शुक्रवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ संगड़ाह उपमंडल के हरिपुरधार इलाके में एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दोपहर करीब 3 बजे हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। बताया जा रहा है कि बस के गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई। शुरुआती खबरों के मुताबिक, इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब ‘जीत कोच’ नाम की यह बस कुपवी से शिमला जा रही थी। जैसे ही बस हरिपुरधार (Haripurdhar) बाजार से निकलकर थोड़ा आगे बढ़ी, करीब 100 से 200 मीटर की दूरी पर चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते बस सड़क से फिसलती हुई गहरी खाई में समा गई। बस में करीब 40 से 60 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने का डर बना हुआ है।
रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और पुलिस के पहुँचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया। प्रशासन और पुलिस (Himachal Police) की टीमें भी मौके पर पहुँच गई हैं। एसपी एन.एस. नेगी खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। घायलों को बड़ी मुश्किल से खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है, ताकि समय रहते उनका इलाज शुरू हो सके और उनकी जान बचाई जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि खाई से अब तक 5 शव निकाले जा चुके हैं और बाकी की तलाश जारी है। संगड़ाह, राजगढ़ और ददाहू से राहत दल (Relief Team) को मौके पर बुलाया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई है। फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन इस मंजर को देखकर हर किसी की आँखें नम हैं।
