बर्बरता का स्कूल चलाती हैं ममता दीदी, वोट बैंक पॉलिटिक्स के लिए तुष्टिकरण का खेल रहीं हैं खेला : PM मोदी

पश्चिम बंगाल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वोट बैंक की राजनीति के लिए तुष्टिकरण का ‘खेला’ खेल रहीं हैं। मोदी ने यहां एक चुनाव रैली में यह बात कही। पश्चिम बंगाल में इस माह के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें जीत के लिए तृणमूल कांग्रेस और भाजपा अपना पूरा जोर लगा रहे हैं।

बर्बरता का स्कूल चलाती हैं ममता दीदी

प्रधानमंत्री ने अपनी चुनावी रैली में राज्य की मुख्यमंत्री पर जम कर निशाना साधा और आरोप लगाया, ”ममता दीदी बर्बरता का स्कूल चलाती हैं,जिसके पाठ्यक्रम में तोलाबाजी (उगाही), कट मनी, सिंडिकेट और अराजकता शामिल है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल में आज केवल एक ही रास्ता है और वह है ”भाइपो” (भतीजे) का रास्ता और इससे गुजरे बिना कोई काम नहीं होता।

Related Posts

मुख्यमंत्री केंद्र की योजनाओं को रोकने के लिए दीवार की तरह खड़ी हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्द्र ने लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं लेकिन राज्य की मुख्यमंत्री केंद्र की योजनाओं को रोकने के लिए दीवार की तरह खड़ी हैं। मोदी ने कांग्रेस, वाम दल और तृणमूल कांग्रेस पर दशकों तक राज्य का विकास नहीं होने देने का भी आरोप लगाया। अपने भाषण में उन्होंने राज्य की जनता से भाजपा को सत्ता में लाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ही बंगाल की असली पार्टी है।

यह चुनाव केवल सत्ता में परिवर्तन के लिए ही नहीं बल्कि ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए भी है

प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों को विकास के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिये। पीएम मोदी ने यहां भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि विधान सभा का यह चुनाव केवल सत्ता में परिवर्तन के लिए ही नहीं बल्कि ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए भी है।

संविधान ने हमें वोट की आजादी दी है लेकिन दीदी इस ताकत को छीनती रही है

उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें वोट की आजादी दी है लेकिन दीदी इस ताकत को छीनती रही है। वर्ष 2018 में पंचायत चुनाव के दौरान लोगों के वोट के अधिकारों को कुचला गया जो कि लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को समझना चाहिए कि संविधान की मर्यादा से बड़ा कुछ भी नहीं है।

भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य में कानून का शासन स्थापित होगा

उन्होंने राज्य की जनता से पढाई, दवाई, कमाई और सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए निर्भय होकर वोट करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य में कानून का शासन स्थापित होगा और गैर कानूनी कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Related Posts