हिमाचल: जंगल की आग पहुंची गांव तक, छह मकान व चार पशुशालाएं जलकर राख
Forest fire reached the village, six houses and four cattle sheds burnt to ashes

रामपुर: हिमाचल प्रदेश के राजधानी शिमला के दायरे में आने वाले उपमंडल रामपुर के दूरदराज सदाना गांव में शनिवार देर रात भयंकर आगजनी में छह मकान और चार पशुशालाएं राख हो गई। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने भागकर जान बचाई। आग की चपेट में आने से एक गाय और एक कुत्ता जिंदा जल गए। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से कई घण्टों बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने से छह परिवार बेघर हो गए हैं। अग्निकांड की इस घटना में एक करोड़ की संपति के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार सदाना गांव से सटे जंगल में आग लगी थी, जो रात को गांव के रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गई।
दुर्गम क्षेत्र में होने की वजह से सदाना गांव में दमकल वाहनों को पहुंचने में काफी समय लगा, तथा आग ने भीषण रूप ले लिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद रिहायशी इलाकों में फैली आग पर काबू पाया, जिससे अन्य घर और गांव इसकी चपेट में आने से बच गए। घटना में लोगों के मकान के साथ ही घरों में रखा सामान भी जलकर राख हो गया है। आगजनी में छह परिवार बेघर हुए हैं। इनमें रविकांत, बिक्रम सिंह, शकुंतला देवी, नेवी राम, अमर और उदय सिंह शामिल हैं।
रामपुर के एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि इन्हें फौरी राहत के तौर पर 15-15 हजार रुपये प्रदान किये गए हैं। कहा कि इस घटना में किसी पुरुष, महिला व बच्चे के चोटिल होने की रिपोर्ट नहीं है। प्रभावितों के रहने व खाने-पीने की व्यवस्था का प्रबन्ध किया गया है। कहा कि अग्निकांड में एक करोड़ की संपति के तबाह होने की आशंका है। आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, और अग्निशमन, पुलिस व राजस्व विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं।