PM Kisan Samman Nidhi 22nd Installment: किसानों के खाते में आए 2000 रुपये; पीएम मोदी ने जारी की 18,640 करोड़ की राशि, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
PM Kisan Samman Nidhi 22nd Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के अपने दौरे के दौरान देश के करोड़ों अन्नदाताओं को बड़ी सौगात दी है। पीएम मोदी ने ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ (PM Kisan Samman Nidhi) योजना के तहत 22वीं किस्त जारी कर दी है। इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2000-2000 रुपये की राशि पहुंचना शुरू हो गई है। सरकार ने इस बार कुल 18,640 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है, जो सीधे किसानों के खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी गई है।
इन किसानों को नहीं मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने अपना ई-केवाईसी (e-KYC) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। जिन किसानों के दस्तावेजों या केवाईसी में किसी प्रकार की त्रुटि है, उन्हें इस किस्त से वंचित रहना पड़ सकता है। लाभार्थियों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी सीएससी केंद्र या आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी अपडेट करवा लें ताकि अगली किस्त में कोई बाधा न आए।
अंतरराष्ट्रीय संकट का किसानों पर नहीं पड़ने देंगे असर
असम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि वैश्विक बाजार में हो रही उठा-पटक का सीधा असर हमारे किसानों पर न पड़े। उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की जो बोरी 3000 रुपये में मिलती है, वह हमने अपने किसानों को सिर्फ 300 रुपये में उपलब्ध कराई है।” पीएम ने जोर देकर कहा कि कृषि को बाहरी संकटों से बचाने के लिए सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में किसानों पर 12 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस (Step-by-Step)
यदि आप भी पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और अपनी 22वीं किस्त का स्टेटस चेक करना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स का पालन करें:
- सबसे पहले PM-Kisan Official Portal (pmkisan.gov.in) पर जाएं।
- वेबसाइट के होमपेज पर मौजूद “Know Your Status” या “Beneficiary Status” विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- कैप्चा कोड भरकर सबमिट करें।
- आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा, जिसे दर्ज करते ही आपके खाते की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।
पीएम मोदी ने इस दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और खेतों में सोलर पंप लगाने की दिशा में सरकार के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसान न केवल सोलर पंप से सिंचाई कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई भी कर रहे हैं।
