मंडी। खराब मौसम के बीच मंडी में अंतररास्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। इस दौरान मंडी शहर में शाही जलेब का नजारा बहुत ही अद्भूत दिखाई दिया। इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा किया गया। राज देवता माधोराय की पालकी के साथ साथ ही सैकड़ों देवी देवताओं के साथ उनके पुजारी, देवलू और बजंतरी देव धुनों को बजाते हुए राज महल से निकले। इस दौरान हजारों लोग इस भव्य जलेब के साक्षी बने। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और जिला के सभी विधायक भी एक खुली जीप में इस जलेब के साथ लोगों का अभिवादन करते हुए निकले। देवी देवताओं के मन मोहक रथों, ढोल नगाड़ों की छाप पर पूरा मंडी शहर गुंजायमान हो गया।
उधर, इस दौराना कई सालों के बाद कई देवी देवताओं ने इस बार शिरकत की है, जिनके रथ इस भव्य जलेब शोभा को बढ़ा रहे थे। जलेब मंडी शहर में सेरी मंच को होते हुए महामृत्यंजय मंदिर से होते हुए आईटीआई से गुजरते हुए बल्लभ कॉलेज के मैदान में पहुंची। यहां पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने इस मौके पर सभी देश वासियों और मंडी वासियों को महा शिवरात्रि की शुभकामनाएं दी। कहा कि कोरोना महामारी के संकटकाल में इस तरह का इतना बड़ा आयोजन करना कठिन था, जो देवी देवताओं के आशीर्वाद के कारण ही संभव हो पाया है।