Chamba Local News: चंबा में खौफनाक मंजर! पति ने दराट से काट डाला पत्नी का गला, फिर खुद पेड़ से लटककर दे दी जान
Chamba Local News: हिमाचल प्रदेश के शांत कहे जाने वाले चंबा जिले में बुधवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर के साथ हुई। भरमौर क्षेत्र के धरवाला में एक पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद भी फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। चंबा में मर्डर और सुसाइड की इस घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, विकासखंड मेहला की लौथल पंचायत में प्राइमरी स्कूल के पास रहने वाले 48 वर्षीय सरवण कुमार ने अपनी 44 वर्षीय पत्नी अंजू की तेजधार दराट से हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात रात के करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अंजाम दी गई, जब पूरी दुनिया नींद के आगोश में थी।
आंगन में पड़ी थी पत्नी की लाश, पेड़ पर झूलता मिला पति
घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। सुबह जब लोगों को भनक लगी तो देखा कि अंजू का शव घर के आंगन में खून से लथपथ पड़ा था, जबकि सरवण कुमार का शव पास ही एक पेड़ से लटका हुआ था। चंबा में मर्डर और सुसाइड की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ध्यारा की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी चंबा भी दल-बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन जिस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया गया, उसने हर किसी का दिल दहला दिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए धर्मशाला से फॉरेंसिक टीम को भी विशेष रूप से बुलाया गया है।
चार महीने पहले भी की थी जान देने की कोशिश
इस परिवार की कहानी में एक और दर्दनाक पहलू सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी सरवण कुमार की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है क्योंकि उसने करीब 4-5 महीने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी। उस समय उसके भाई ने उसे बचा लिया था, लेकिन इस बार चंबा में मर्डर और सुसाइड की इस घटना को होने से कोई नहीं रोक पाया। मृतक दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है और एक 16 साल का बेटा अभी अविवाहित है। माता-पिता की मौत के बाद बच्चों के सिर से साया उठ गया है और मौके पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
