Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। जहां एक ओर पहाड़ी राज्यों में पारा शून्य से नीचे जा पहुंचा है, तो दूसरी ओर मैदानी इलाकों में भी तापमान लगातार कम हो रहा है और ठिठुरन बढ़ रही है। मौसम विभाग ने ठंड के सितम के बीच देश के छह राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी कर दिया है। दरअसल जहां एक ओर देश में ठंड का प्रकोप जारी है तो वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत में लगातार बारिश ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में आने वाले एक से दो दिनों में शीत लहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है। देश के छह राज्य ऐसे हैं जहां एक बार फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस बारिश के चलते तापमान और नीचे गिरेगा जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ने वाली है।
तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। समुद्र किनारे रहने वाले मछुआरों को इस दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया है। इस बारिश के चलते आसपास के राज्यों में तापमान में कमी देखी जाएगी और ठंड में तेजी आएगी। मौसम विभाग के अनुसार 28 नवंबर तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जबकि 25 नवंबर तक केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारीक से लेकर तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 25 नवंबर के आसपास कोमोरिन और श्रीलंका के पास समुद्री क्षेत्र में एक और नया निम्न दबाव बनने का अनुमान है, जिसकी वजह से तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है।
इसके साथ ही देश के उत्तरी हिस्सों में सर्दियों की दस्तक साफ महसूस की जा रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे ने दृश्यता को 50 से 200 मीटर तक सीमित कर दिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पश्चिमी यूपी के कई शहरों में सुबह के समय सड़कें धुंध में गुम रही और यातायात पर असर पड़ा। आने वाले चार से पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान स्थिर रहेगा। दिल्ली की बात करें तो राजधानी में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के समय हवा की रफ्तार बेहद धीमी रहेगी, जिससे ठंड का एहसास और बढ़ सकता है। जबकि दोपहर में हल्की हवा चलने की उम्मीद है। वायु गुणवत्ता की बात करें तो दिल्ली का एक्यूआई (AQI) एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गया है।
पर्वतीय राज्यों में ठंड लगातार बढ़ रही है। ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों और कश्मीर घाटी में रात के समय तापमान जमाव बिंदु के नीचे जाने लगा है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह इस सीजन में सबसे ठंडी रात में से एक है। हिमाचल में रविवार को 13 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। वहीं उत्तराखंड में भी सुबह-शाम सर्दी का सितम बढ़ गया है। पहाड़ों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा भी दुश्वारियां बढ़ा रहा है। बिहार में सर्दी का असर अब स्पष्ट रूप से दिखने लगा है, कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचा है। जबकि उत्तरी हिस्सों में कोहरा लगातार घना होता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण बिहार की सीमा से सटे जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री तक लुढ़क सकता है, जिससे ठंड और तेज महसूस होगी।
राजस्थान में ठंड अगले चार दिनों में और तेज होने की संभावना है। जयपुर, सीकर, नागौर, दौसा और जालोर जैसे जिलों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। हवा के पैटर्न में बदलाव के कारण 24 से 26 नवंबर के बीच कड़ाके की ठंड पड़ेगी और उसके बाद मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि ठंड से राहत नहीं मिलेगी।वहीं महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र के जिलों में हल्की बारिश की आशंका जताई गई है। मुंबई में सुबह हल्की धुंध और दोपहर में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राज्य भर में मौसम का मिजाज इस समय बदल रहा है और ठंड, धुंध और बादलों का मिश्रित असर दिखने लगा है।

